संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान केंद्रीय बजट 1 फरवरी (रविवार) को संसद में पेश किया जा सकता है।
संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा तय किए गए संभावित कार्यक्रम का हवाला देते हुए अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 28 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
केंद्रीय बजट 1 फरवरी को होगा पेश
बीटिंग रिट्रीट समारोह के चलते 29 जनवरी को संसद के दोनों सदनों की बैठक नहीं होगी। इसके बाद 30 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है।
वहीं 31 जनवरी को भी लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही नहीं होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 1 फरवरी, रविवार को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।
13 फरवरी से अवकाश
राष्ट्रपति के अभिभाषण और केंद्रीय बजट पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद संसद की कार्यवाही 13 फरवरी से करीब एक महीने के अवकाश के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
इसके बाद 9 मार्च को संसद की बैठक फिर से शुरू होगी, जबकि बजट सत्र के 2 अप्रैल, गुरुवार को समाप्त होने की संभावना है।















