आज के दौर में आधार कार्ड केवल पहचान पत्र भर नहीं रह गया है, बल्कि बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और कई अहम सेवाओं की बुनियाद बन चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए UIDAI ने लोगों की सहूलियत के लिए पहले ही PVC आधार कार्ड की सुविधा शुरू कर दी थी। यह कार्ड देखने में बिल्कुल एटीएम कार्ड जैसा होता है, काफी मजबूत होता है और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। सबसे अच्छी बात यह है कि आप PVC आधार कार्ड को घर बैठे ऑनलाइन आसानी से मंगवा सकते हैं।
PVC आधार कार्ड क्या है?
PVC आधार कार्ड पॉलीविनाइल क्लोराइड से बनाया जाता है। यह आकार में छोटा होता है, वॉलेट में आसानी से रखा जा सकता है और कागज वाले आधार कार्ड की तुलना में ज्यादा टिकाऊ होता है। इसमें QR कोड, होलोग्राम, माइक्रो टेक्स्ट और गिलोश पैटर्न जैसे सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। हालांकि इसे मंगवाने के लिए तय शुल्क देना होता है।
PVC आधार कार्ड ऑर्डर करने की फीस
अगर आप UIDAI की ओर से PVC आधार कार्ड आर्डर कर रहे हैं तो ₹50 (GST और स्पीड पोस्ट चार्ज सहित) देने होंगे। बता दें कि ये फीस नॉन-रिफंडेबल होती है। चलिए अब PVC आधार कार्ड कैसे ऑर्डर करें
PVC आधार कार्ड कैसे ऑर्डर करें?
- इसके लिए सबसे पहले UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट uidai.gov.in पर जाएं।
- इसके बाद होमपेज पर Get Aadhaar सेक्शन में जाएं।
- इधर से Order Aadhaar PVC Card पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपना 12 अंकों का आधार नंबर या VID (Virtual ID) एंटर करें।
- इतना करने के बाद कैप्चा भरें और Send OTP पर क्लिक करें।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को एंटर करें।
- स्क्रीन पर आपकी डिटेल्स दिखाई देंगी, इन्हें चेक करें।
- अब ₹50 की ऑनलाइन पेमेंट करें जिसे आप UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से कर सकते हैं।
- पेमेंट का प्रोसेस पूरा होने के बाद आपका PVC आधार कार्ड ऑर्डर हो जाएगा।
















