मोटोरोला अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लॉन्च करने की तैयारी में जुटी है। कंपनी इसे Motorola Razr Fold के नाम से पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फोन सैमसंग के फोल्डेबल डिवाइस की तरह बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन के साथ आ सकता है। माना जा रहा है कि इस स्मार्टफोन को कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) 2026 के दौरान टीज किया जाएगा, जिसकी शुरुआत कल यानी 6 जनवरी से होने जा रही है।
ये डिवाइस Samsung की Galaxy Z Fold सीरीज, Google की Pixel Fold लाइनअप और Apple के कथित iPhone Fold को टक्कर दे सकता है, जिसे इस साल के आखिर में लॉन्च किया जा सकता है। मोटोरोला, जो अपनी वर्टिकल फोल्डिंग Razr सीरीज के लिए जानी जाती है, मई 2025 में भारत में 7-इंच फ्लिप डिस्प्ले के साथ Razr 60 Ultra लॉन्च किया था। अब कंपनी फोल्ड फोन भी पेश करने की तैयारी में है।
Motorola Razr Fold संभावित लॉन्च टाइमलाइन
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में टिपस्टर इवान ब्लास (@evleaks) ने स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी के आने वाले फोल्डेबल फोन के बारे में जानकारी शेयर की है। Motorola Razr Fold नाम का यह हैंडसेट इस साल के आखिर में बुक-स्टाइल फोल्डिंग फॉर्म फैक्टर में लॉन्च किया जा सकता है।
इतना ही नहीं ऐसा भी दावा किया जा रहा है कि यह फोल्डेबल फोन कई AI टूल्स से लैस हो सकता है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि टेक फर्म आने वाले महीनों में इसके बारे में और डिटेल्स शेयर करेगी।
CES 2026 में दिखेगी पहली झलक?
Motorola के पहले फोल्डेबल फोन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में कई पत्रकारों को कंपनी की ओर से CES 2026 का इनविटेशन भेजा गया है। इस इनविटेशन पैक में टेक कंपनी ने लकड़ी के कवर वाली एक डायरी शामिल की है, जिस पर “हर फोल्ड एक संभावना दिखाता है” लिखा हुआ है। इसी संकेत के आधार पर माना जा रहा है कि Motorola CES 2026 के दौरान अपने फोल्डिंग फोन को टीज कर सकती है।
















