कोरबा जिले के मड़वारानी पहाड़ पर मंगलवार दोपहर एक हादसा होते-होते बच गया। पहाड़ की चढ़ाई के दौरान अचानक चलती ऑटो में आग लग गई। ऑटो में सवार परिवार ने तुरंत नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन ऑटो पूरी तरह जल गया।

दर्शन के लिए जा रहा था परिवार
बरपाली निवासी राकेश कुमार बरेठ अपने परिवार के साथ मां मड़वारानी के दर्शन के लिए पहाड़ पर जा रहे थे। चढ़ाई के दौरान ऑटो ऊपर नहीं चढ़ पा रहा था, इसी बीच यह घटना हुई।
पेट्रोल पाइप फटने से भड़की आग
ऑटो चालक राकेश बरेठ के अनुसार, ज्यादा दबाव पड़ने से पेट्रोल पाइप फट गया। इंजन गर्म होने की वजह से ऑटो में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वाहन जलने लगा।
आग बुझाने की नहीं थी व्यवस्था
घटना स्थल पहाड़ पर होने के कारण वहां आग बुझाने की कोई सुविधा नहीं थी। उरगा थाना पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके का जायजा लिया और पुष्टि की कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
कुछ समय के लिए रुकी आवाजाही
आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर तक रास्ता बाधित रहा। बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
मड़वारानी पहाड़ तक जाने का रास्ता
मड़वारानी पहाड़ तक सड़क से जाने के लिए करीब 5 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है, जबकि पीछे की ओर सीढ़ियों से यह दूरी लगभग 1 किलोमीटर है।
















