वॉट्सऐप के करोड़ों यूजर्स के लिए एक नया अपडेट सामने आ रहा है। Meta के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अब एक नए ऑप्शनल सब्सक्रिप्शन प्लान पर काम कर रहा है। इस प्लान के जरिए यूजर्स को कुछ एक्सक्लूसिव फीचर्स दिए जा सकते हैं। हालांकि, वॉट्सऐप अपने मुख्य मैसेजिंग फीचर्स को पहले की तरह मुफ्त ही रखने की तैयारी में है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाला सब्सक्रिप्शन प्लान खासतौर पर पर्सनलाइजेशन और प्रोडक्टिविटी टूल्स पर फोकस करेगा। फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और कंपनी इसे धीरे-धीरे यूजर्स के सामने लाने की योजना बना रही है। इसकी कीमत और उपलब्धता को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
WABetaInfo ने दी जानकारी
वॉट्सऐप से जुड़े फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने एंड्रॉइड के लिए वॉट्सऐप बीटा वर्जन 2.26.4.8 में एक ऑप्शनल सब्सक्रिप्शन से जुड़ा पॉप-अप मैसेज देखा है। यह अपडेट फिलहाल Google Play Beta Program के जरिए रोलआउट किया जा रहा है।
हालांकि, लेटेस्ट बीटा वर्जन इंस्टॉल करने के बाद भी यूजर्स अभी इस फीचर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे, क्योंकि यह अभी विकास के चरण में है।
ऐसे ले सकेंगे सब्सक्रिप्शन
रिपोर्ट के अनुसार, वॉट्सऐप इस प्रीमियम सब्सक्रिप्शन को वेटलिस्ट सिस्टम के जरिए लॉन्च कर सकता है। जो यूजर्स वेटलिस्ट में शामिल होंगे, उन्हें सब्सक्रिप्शन उपलब्ध होने पर नोटिफिकेशन मिलेगा। इसके बाद वे चाहें तो इस प्लान को एक्टिवेट कर सकेंगे।
मिल सकते हैं ये खास फीचर्स
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रीमियम सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को स्पेशल स्टिकर, नए ऐप थीम और तीन से ज्यादा चैट पिन करने की सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा वॉट्सऐप नए चैट रिंगटोन और कस्टम ऐप आइकन के ऑप्शन पर भी काम कर रहा है, जिससे यूजर्स ऐप के लुक और फील को अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकेंगे।
















