कम आय वर्ग के यात्रियों के लिए चलाई जा रही अमृत भारत ट्रेनों में अब इमरजेंसी कोटा (वीआईपी कोटा) की सुविधा भी उपलब्ध होगी। रेलवे ने अमृत भारत-2 की शुरुआत के समय इन ट्रेनों में केवल महिला, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और ड्यूटी पास कोटा की व्यवस्था की थी। अब इसमें आपातकालीन कोटा भी जोड़ा गया है।
फिलहाल सात या उससे अधिक स्लीपर कोच वाली अमृत भारत ट्रेनों में आपात कोटे की 24 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसका फायदा धनबाद होकर चलने वाली हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस के यात्रियों को भी मिलेगा।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (यात्री विपणन) संजय मनोचा ने सभी जोनल रेलवे को पत्र जारी कर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।
*वंदे भारत स्लीपर में भी आपात कोटे की नई व्यवस्था*
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में भी कोच की श्रेणी के अनुसार आपात कोटा तय किया गया है। सामान्य दिनों और वीकेंड के लिए अलग-अलग सीटें निर्धारित होंगी।
- फर्स्ट एसी: सामान्य दिनों में 4 सीटें, वीकेंड पर 6 सीटें
- सेकंड एसी: सामान्य दिनों में 20 सीटें, वीकेंड पर 30 सीटें
- थर्ड एसी: सामान्य दिनों में 24 सीटें, वीकेंड पर 42 सीटें
यह कोटा अग्रिम आरक्षण अवधि या यात्रा की तारीख से पहले, जो भी पहले हो, उसके आधार पर बुक किया जा सकेगा।
*मांग के अनुसार जोनल रेलवे कर सकेंगे बदलाव*
रेलवे बोर्ड ने साफ किया है कि अन्य मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह जोनल रेलवे यात्रियों की मांग और सीटों की उपलब्धता को देखते हुए आपात कोटे की समय-समय पर समीक्षा कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर इसमें उचित बदलाव भी किया जा सकेगा।
















