कर्नाटक के मांड्या जिला से बड़ी खबर सामने आई है। यहां करेकट्टे गांव के पास एक फैक्टरी में रासायनिक भंडारण टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टैंक खाली करते समय हुआ धमाका
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्टरी को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था। रविवार को टैंक खाली करते वक्त अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए मांड्या के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच शुरू, ठेकेदार फरार
मामले में कर्नाटक पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बसरालू पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद ठेकेदार गुड्डू खान फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
सभी मजदूर बिहार के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के निवासी थे। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले भी हो चुका है गैस रिसाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि साल 2022 में भी इसी फैक्टरी से जहरीली गैस का रिसाव हुआ था, जिससे फसलें खराब हो गई थीं और जानवरों की मौत हुई थी। इसके बाद लोगों ने विरोध किया था, जिसके चलते फैक्टरी बंद कर दी गई थी।
अब फैक्टरी को दूसरी जगह ले जाया जा रहा था, तभी यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















