छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आई है। जिले के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई। फिलहाल दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्री में आग लगी है। यह फैक्ट्री पेंट और पुट्टी बनाने का काम करती थी। आग लगने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
दमकल कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के इलाकों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई हैं। साथ ही स्थानीय लोग भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है ताकि आग फैलने से रोका जा सके।
पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
















