केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026 से लागू होने वाली क्लास 10 बोर्ड परीक्षा की नई स्कीम को लेकर अहम स्पष्टीकरण जारी किया है। यह फैसला उन छात्रों और अभिभावकों के सवालों के बाद लिया गया, जो किसी कारणवश पहली परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते और दूसरी परीक्षा में बैठने के नियम जानना चाहते थे।
CBSE ने साफ कर दिया है कि सभी छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा। अगर कोई छात्र पहली परीक्षा में तीन या उससे ज्यादा विषय छोड़ देता है, तो वह दूसरी परीक्षा के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
पहली परीक्षा में शामिल होना जरूरी
बोर्ड के आधिकारिक नोटिस के अनुसार, हर छात्र को पहली बोर्ड परीक्षा देना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र तीन या उससे अधिक विषयों की परीक्षा नहीं देता है, तो उसे “Essential Repeat” कैटेगरी में रखा जाएगा। ऐसे छात्र अगली मुख्य परीक्षा (फरवरी सत्र) में ही उन विषयों की परीक्षा दे पाएंगे।
CBSE ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस नियम में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी और दूसरी परीक्षा के लिए तय योग्यता नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
दूसरी परीक्षा में कौन बैठ सकता है?
CBSE के अनुसार, दूसरी परीक्षा सिर्फ कुछ विशेष श्रेणी के छात्रों के लिए होगी:
- इम्प्रूवमेंट कैटेगरी: जो छात्र पहली परीक्षा में पास हो चुके हैं, वे विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा जैसे मुख्य विषयों में अपने अंक सुधार सकते हैं।
- कम्पार्टमेंट कैटेगरी: जिन छात्रों को पहली परीक्षा में किसी विषय में कम्पार्टमेंट मिला है, वे दूसरी परीक्षा दे सकते हैं।
- इम्प्रूवमेंट + कम्पार्टमेंट: पात्र छात्र दोनों श्रेणियों के तहत परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
- रिप्लेसमेंट सब्जेक्ट: पास छात्र किसी विषय में सुधार के लिए रिप्लेसमेंट के तहत परीक्षा दे सकते हैं।
हालांकि, बोर्ड ने दोबारा स्पष्ट किया है कि पहली परीक्षा में तीन या उससे ज्यादा विषय छोड़ने वाले छात्र किसी भी स्थिति में दूसरी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे।
एक्स्ट्रा सब्जेक्ट की अनुमति नहीं
CBSE ने यह भी कहा है कि क्लास 10 पास करने के बाद छात्र कोई अतिरिक्त या अलग से नया विषय नहीं ले सकते। दूसरी परीक्षा सिर्फ इम्प्रूवमेंट, कम्पार्टमेंट या रिप्लेसमेंट के लिए ही होगी।
इसका मतलब है कि छात्र निर्धारित सीमा से अधिक विषयों की परीक्षा नहीं दे पाएंगे और नए विषय जोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे पहली बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों में शामिल हों। तीन या उससे अधिक विषय छोड़ने पर उन्हें “Essential Repeat” कैटेगरी में जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें अगली मुख्य परीक्षा तक इंतजार करना होगा।
दूसरी परीक्षा उन छात्रों के लिए विकल्प नहीं है जो परीक्षा छोड़ देते हैं, बल्कि यह केवल अंक सुधार या कम्पार्टमेंट वाले छात्रों के लिए ही है। इसलिए छात्रों और अभिभावकों को परीक्षा से पहले सभी नियमों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।
















