राजनांदगांव जिले के जालबांधा-दुर्ग मार्ग पर घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहंदी में स्थित जया केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री के पीछे बने केमिकल गोदाम में लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। बताया जा रहा है कि धुएं का गुबार करीब 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जालबांधा के आगे मोहंदी के पास स्थित इस फैक्ट्री में डामर और विभिन्न प्रकार के केमिकल बनाए जाते हैं। सोमवार सुबह अचानक गोदाम के पीछे से काला धुआं उठता दिखाई दिया, जो देखते ही देखते आग की लपटों में बदल गया। केमिकल और डामर जैसे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ और राजनांदगांव से दमकल की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालांकि केमिकल गोदाम में लगी आग पर काबू पाना काफी मुश्किल साबित हुआ और कई घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई। स्थिति को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों को एहतियातन खाली कराया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घुमका पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम के ऊपर लगे टीन शेड पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी नीचे रखे केमिकल पर गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के असली कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं, केमिकल जलने से उठे जहरीले धुएं के कारण वातावरण प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आग से उठता धुआं कई किलोमीटर दूर तक देखा गया, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
















