महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नई दिल्ली-चेन्नई ग्रांट ट्रंक एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
ट्रेन संख्या 12616 नई दिल्ली से चेन्नई (तांबरम) जा रही थी और सुबह नागपुर से रवाना हुई थी। मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले के मुताबिक, जब ट्रेन सिंदी रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तब सुबह करीब 11:09 बजे ट्रेन के आखिरी गार्ड कोच से धुआं उठता दिखाई दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को सिंदी-तुलजापुर सेक्शन के बीच तुरंत रोक दिया गया। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया और मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, प्रभावित कोच हटाने के बाद ट्रेन को कुछ देर में अपनी यात्रा फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।















