सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब शेयर बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। मालबोरो सिगरेट बनाने वाली कंपनी Godfrey Phillips India Limited के शेयरों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। कंपनी का स्टॉक 20% की छलांग लगाकर अपर सर्किट पर पहुंच गया।
शेयर में जोरदार तेजी
आज एनएसई पर गोडफ्रे फिलिप्स का शेयर 2075 रुपए पर खुला और तेजी के साथ बढ़ते हुए 2478 रुपए पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 20% का अपर सर्किट भी लगा।
पिछले 5 ट्रेडिंग सेशंस में शेयर करीब 17.05% चढ़ा है, जबकि एक महीने में इसमें 13.05% की बढ़त देखने को मिली है। हालांकि, पिछले 6 महीनों में स्टॉक करीब 22.94% गिरा है। साल 2026 में अब तक इसमें 8.23% की तेजी आई है।
मल्टीबैगर साबित हुआ शेयर
कंपनी का शेयर लंबे समय में निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है। 24 जुलाई 1996 को जब यह लिस्ट हुआ था, तब इसकी कीमत करीब 10 रुपए थी, जो अब 2480 रुपए के पार पहुंच चुकी है। यानी करीब 30 साल में इसने लगभग 24,700% का रिटर्न दिया है।
अगर पिछले 5 साल की बात करें तो फरवरी 2021 में शेयर की कीमत करीब 299 रुपए थी, जो अब 2480 रुपए के आसपास पहुंच गई है। इस हिसाब से निवेशकों को 700% से ज्यादा का रिटर्न मिला है।
यानी अगर किसी निवेशक ने 5 साल पहले 1 लाख रुपए लगाए होते तो आज उसकी वैल्यू करीब 8.30 लाख रुपए के आसपास होती।
आईटीसी के शेयर में भी तेजी
सिर्फ गोडफ्रे फिलिप्स ही नहीं, बल्कि ITC Limited के शेयरों में भी बढ़त देखने को मिली है। आईटीसी का स्टॉक 2.21% चढ़कर 332.65 रुपए पर बंद हुआ।
पिछले 5 दिनों में इसमें 4.26% की तेजी आई है। हालांकि एक महीने में यह लगभग स्थिर रहा, जबकि पिछले 6 महीनों में करीब 18.13% की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, साल 2026 में अब तक आईटीसी का शेयर करीब 17.91% टूट चुका है।
शेयरों में तेजी की वजह क्या रही?
तेजी की वजह साफ है- सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी। आईटीसी ने कुछ कैटेगरी में दाम बढ़ाए हैं ताकि एक्साइज ड्यूटी बढ़ने का असर बैलेंस किया जा सके। इससे प्रति स्टिक EBIT में सुधार हुआ है।
- वहीं गोडफ्रे फिलिप्स इंडिया ने मालबोरो कॉम्पैक्ट की कीमत 9.5 रुपए प्रति स्टिक से बढ़ाकर 11.5 रुपए कर दी है।
- कैटेगरी के हिसाब से बढ़ोतरी देखें तो डुअलर सेंसरी फिल्ट टेक्नोलॉजी (DSFT) <64mm में 1.35 रुपए एक्साइज बढ़ोतरी के मुकाबले 1.1 से 2 रुपये दाम बढ़ाए गए।
- किंग साइज फिल्टर टिप (KSFT) >74mm में 6.21 रुपए एक्साइज बढ़ोतरी के मुकाबले 7 रुपए कीमत बढ़ी।
- स्लिम्स 97एमएम कैटेगरी में 6.21 रुपए एक्साइज बढ़ोतरी के मुकाबले 5 से 10 रुपए तक दाम बढ़ाए गए।
अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनियों के मुनाफे में कितना सुधार आता है और शेयर की अगली चाल क्या रहती है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)















