छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों की बड़ी भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। विभाग जल्द ही सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के करीब 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने वाला है।
व्यापम को सौंपी गई परीक्षा की जिम्मेदारी
भर्ती परीक्षा के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को अधिकृत किया गया है। विभाग ने विज्ञापन जारी करने से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और आवश्यक दस्तावेज व्यापम को सौंप दिए गए हैं। वहीं, शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया भी अब पूरी हो चुकी है।
लिखित परीक्षा के जरिए होगा चयन
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत फरवरी 2026 में होने की संभावना है। उम्मीदवारों का चयन व्यापम द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह भर्ती राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
इस भर्ती से राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी। व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल होने से अलग-अलग योग्यता वाले उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा।
2023 भर्ती प्रक्रिया भी हुई पूरी
ज्ञात हो कि स्कूल शिक्षा विभाग की शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के तहत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में, न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया गया है।
विभाग द्वारा भर्ती से संबंधित विस्तृत गाइडलाइन जल्द जारी की जाएगी।
















