छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर (AIIMS) से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक मरीज तीसरी मंजिल से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, करण नायक बंजारा नामक मरीज AIIMS रायपुर के बी-ब्लॉक के बी4 वार्ड में भर्ती था। वह रक्त से जुड़ी बीमारी का इलाज करा रहा था। शुक्रवार को अचानक वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा कैसे हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद AIIMS रायपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतने बड़े अस्पताल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। आरोप है कि मरीजों के सामान चोरी होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
बार-बार लापरवाही के आरोप लगने के बावजूद अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
















