छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक पेट्रोल पंप पर लापरवाही भरी हरकत का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने बाइक की टंकी में लाइटर से आग लगा दी। हालांकि, पंप कर्मचारियों की सूझबूझ से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 17 फरवरी की शाम करीब 7 बजे की है। दो युवक बाइक में पेट्रोल भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक सिगरेट जलाने लगा। उसके साथी ने पेट्रोल पंप परिसर में धूम्रपान न करने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने लाइटर से बाइक में आग लगा दी। अचानक आग भड़कते ही वहां मौजूद कर्मचारी घबरा गए। आग की चिंगारी आरोपित युवकों तक भी पहुंची, जिससे वे घबरा गए और मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
















