छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू हो गया है। आज 21 फरवरी से 10वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई है। परीक्षा शुरू होते ही प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों में हलचल देखने को मिली। इस साल 6,839 स्कूलों के कुल 3,21,571 छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्यभर में 2,510 परीक्षा केंद्र, रायपुर में 151 सेंटर CGBSE बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए पूरे राज्य में 2,510 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं रायपुर जिले में अकेले 151 केंद्र तैयार किए गए हैं। कई परीक्षा केंद्रों में छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें तिलक लगाकर स्वागत किया गया। परीक्षा को लेकर छात्रों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी नजर आई।
रायपुर में 27,519 छात्र देंगे परीक्षा रायपुर जिले में इस बार कुल 27,519 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। छात्रों की सुविधा और परीक्षा के बेहतर संचालन के लिए जिले में पर्याप्त केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक तय किया गया है।
13 मार्च तक चलेगी परीक्षा बोर्ड द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार 10वीं की परीक्षा 13 मार्च तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और एडमिट कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को 12वीं की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं।
















