देश की राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा लाल किला इलाके में विस्फोट की साजिश रच सकता है। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
लाल किला और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ी
अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने लाल किला और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, चांदनी चौक क्षेत्र के एक मंदिर को भी संभावित निशाना बताया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया जानकारी में राजधानी में आतंकी खतरे के संकेत मिले हैं। इसके बाद संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों का कहना है कि आतंकी संगठन धार्मिक स्थलों को निशाना बना सकते हैं। फिलहाल इन सूचनाओं की जांच और पुष्टि की जा रही है।
आईईडी से हमले की आशंका
सुरक्षा एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि आतंकी आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक उपकरण) के जरिए हमला कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह साजिश पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हाल में हुए विस्फोट की घटना से जुड़ी हो सकती है।
अलर्ट मोड पर पुलिस और एजेंसियां
अलर्ट के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। शहर में सीसीटीवी से निगरानी, वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और त्वरित प्रतिक्रिया दल को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।
पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। जांच में इस घटना के पीछे आतंकी साजिश सामने आई थी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
















