देश में फरवरी के महीने के साथ सर्दी अब अपने आखिरी चरण में पहुंच रही है, लेकिन मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में करीब 10 राज्यों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
दिल्ली में मौसम साफ, हल्की ठंड बरकरार
नई दिल्ली में 22 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन में तापमान बढ़ सकता है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता में भी सुधार हो सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, मिर्जापुर, गोंडा और बहराइच में मध्यम से घना कोहरा छाने की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में कोहरा और ठंड
बिहार में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन कई जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और खगड़िया में सुबह के समय कोहरा पड़ सकता है। पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में 22 फरवरी को मौसम बिगड़ सकता है। शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर और सोलन में बारिश की संभावना है, जबकि मनाली में बर्फबारी के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान शून्य और न्यूनतम माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
उत्तराखंड में तीन दिन बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी तक बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। रतलाम, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, कटनी, नीमच, खंडवा, खरगोन और सिवनी में बारिश हो सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
राजस्थान में तापमान बढ़ेगा
राजस्थान में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, जोधपुर, भरतपुर, बाड़मेर, अलवर, जैसलमेर और उदयपुर में तापमान बढ़ने के आसार हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
जम्मू और कश्मीर में 22 और 23 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर, जम्मू, बनिहाल, डोडा, रामबन, कुपवाड़ा, कुलगाम, पहलगाम, शोपियां और बांदीपोरा में बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है।
तमिलनाडु में भारी बारिश का खतरा
तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कन्याकुमारी, तूतीकोरिन, तेनकासी, विरुधुनगर और थेनी जिलों में तेज बारिश हो सकती है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश और आंधी की संभावना है। कई जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है।
















