झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना छोटा नगरा थाना क्षेत्र के चदरी डेरा गांव के पास हुई। उस समय जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों का पैर पहले से छिपाकर रखे गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे तेज धमाका हुआ।
घटना के बाद घायल जवानों को तुरंत जंगल से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि हाल की कार्रवाई से परेशान नक्सली अब सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में बिना जरूरत न जाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
















