ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
NH-49 पर आमने-सामने की टक्कर
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी गाड़ी की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेट्रोलिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सदर थाना क्षेत्र के पास हुई।
5 जवानों की मौत, जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन घायल जवानों का इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
















