इन दिनों इंटरनेट पर Epstein Files तेजी से ट्रेंड कर रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस विषय से जुड़ी जानकारी खोज रहे हैं, लेकिन साइबर अपराधी इसी जिज्ञासा का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। एक गलत लिंक पर क्लिक करना आपकी निजी जानकारी के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
ट्रेंडिंग टॉपिक बना साइबर जाल
साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही यूजर्स Epstein Files से जुड़ी खबरें या दस्तावेज सर्च करते हैं, उन्हें कई वेबसाइटों के लिंक दिखाई देते हैं। इनमें से कई साइट्स असली जैसी दिखती हैं, लेकिन वास्तव में फर्जी होती हैं और यूजर्स को फंसाने के लिए बनाई जाती हैं।
लॉगिन करते ही खतरा शुरू
इन वेबसाइटों पर अक्सर पूरा कंटेंट देखने के लिए Gmail या अन्य अकाउंट से लॉगिन करने को कहा जाता है। जैसे ही यूजर अपनी ईमेल आईडी और पासवर्ड दर्ज करता है, उसकी जानकारी सीधे हैकर्स तक पहुंच सकती है और यहीं से साइबर ठगी शुरू हो जाती है।
डेटा चोरी और ब्लैकमेल का खतरा
एक बार ईमेल का एक्सेस मिलने के बाद हैकर्स आपके कॉन्टैक्ट्स, निजी मैसेज और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं। कई मामलों में अकाउंट हैक कर ठगी या ब्लैकमेलिंग तक की घटनाएं सामने आई हैं। यानी एक छोटी सी लापरवाही बड़ा नुकसान करा सकती है।
कैसे रहें सुरक्षित ?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि किसी भी ट्रेंडिंग खबर या लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचें। संदिग्ध वेबसाइट दिखे या अचानक लॉगिन की मांग हो तो तुरंत बाहर निकल जाएं। किसी अनजान साइट पर अपनी ईमेल या सोशल मीडिया आईडी से साइन इन न करें।
2FA और मजबूत पासवर्ड जरूरी
ऑनलाइन सुरक्षा के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) जरूर चालू रखें। इससे पासवर्ड लीक होने पर भी अकाउंट सुरक्षित रहता है। साथ ही समय-समय पर पासवर्ड बदलें और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
इंटरनेट पर हर दिन नए ट्रेंड सामने आते हैं, लेकिन हर लिंक भरोसेमंद नहीं होता। इसलिए किसी भी जानकारी के लिए क्लिक करने से पहले सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
















