छत्तीसगढ़ में नक्सल गतिविधियों के बीच एक अहम खबर सामने आई है। महासमुंद नक्सल जोनल कमेटी ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने की इच्छा जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, BBM, बरगढ़, बलांगीर और महासमुंद जोनल कमेटी की ओर से यह पत्र भेजा गया है, जिसमें संगठन से जुड़े नक्सलियों की ओर से मुख्यधारा में लौटने की बात कही गई है।
14 नक्सली छत्तीसगढ़ के, एक तेलंगाना का
सरेंडर प्रक्रिया के तहत अधिकारियों को सक्रिय नक्सलियों की सूची भी मिली है। इस सूची में कुल 15 नक्सली शामिल हैं। इनमें से 14 नक्सली छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि एक नक्सली तेलंगाना का बताया गया है, जो SCM कैडर से जुड़ा है।
गृह मंत्री के नाम भेजा गया पत्र
इस मामले की जानकारी राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि पश्चिम सब-जोनल ब्यूरो के सचिव विकास ने पत्र लिखकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई है।
पत्र में गृह मंत्री से सुरक्षित वापसी और पुनर्वास को लेकर रेडियो संदेश जारी करने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि अन्य नक्सली भी सरेंडर के लिए आगे आएं।
सरकार देगी रोजगार और पुनर्वास
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही नक्सलियों के पुनर्वास के लिए काम कर रही है। वन क्षेत्रों में सहकारिता के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा वन उपज और अन्य संसाधनों के जरिए उनके जीवनयापन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे सामान्य जीवन जी सकें।
जल्द जारी होगा संदेश
गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जल्द ही आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए सुरक्षित वापसी और पुनर्वास को लेकर वीडियो संदेश जारी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि जो लोग मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उन्हें सम्मानजनक जीवन दिया जाए।
















