भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच यरुशलम में डेलीगेशन स्तर की अहम बातचीत हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने कई अहम समझौतों पर सहमति जताई। पीएम मोदी की इजरायल यात्रा का गुरुवार को दूसरा और अंतिम दिन है, जो भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित है।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि भारत और इजरायल के रिश्ते बेहद मजबूत हैं और आने वाले समय में इन्हें और आगे बढ़ाया जाएगा। इससे पहले उन्होंने इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हरजोग से भी मुलाकात की।
बुधवार को पीएम मोदी के स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नेतन्याहू अपनी पत्नी के साथ प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने इजरायली संसद नेसेट को भी संबोधित किया, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला संबोधन था। इस दौरान उन्हें संसद के सर्वोच्च सम्मान से भी नवाजा गया।
डिनर के दौरान खास सरप्राइज
रात्रिभोज के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पीएम मोदी को खास सरप्राइज दिया। उन्होंने भारतीय पारंपरिक परिधान पहनकर उनका स्वागत किया। यह देखकर पीएम मोदी खुश हुए और उनकी सराहना की।
नेतन्याहू ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए हिंदी में लिखा कि उन्होंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में स्वागत कर चौंकाया।
वहीं, एयरपोर्ट पर स्वागत के समय नेतन्याहू की पत्नी ने भी भगवा रंग के वस्त्र पहनकर भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दिखाया। इस पूरे दौरे को भारत-इजरायल के बीच मजबूत होते संबंधों और बढ़ती नजदीकी के तौर पर देखा जा रहा है।
















