देशभर के करोड़ों आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी सुविधा की खबर है। UIDAI ने Google के साथ साझेदारी की है, जिससे अब लोगों को वेरिफाइड आधार केंद्र आसानी से खोजने में मदद मिलेगी।
Google Maps पर मिलेंगे वेरिफाइड आधार केंद्र
UIDAI ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल के जरिए इस नई पहल की जानकारी दी है। इस साझेदारी के बाद Google Maps पर अब वेरिफाइड आधार केंद्र का सही लोकेशन दिखाई देगा। इससे लोग फर्जी या गलत केंद्रों तक पहुंचने से बच सकेंगे।
नए आधार ऐप में भी मिलेगा लोकेशन फीचर
UIDAI ने बताया कि जल्द ही नए आधार ऐप में लोकेशन सर्च का फीचर जोड़ा जाएगा। इसके जरिए यूजर्स गूगल मैप्स की मदद से अपने नजदीकी अधिकृत आधार केंद्र को आसानी से खोज सकेंगे।
स्कैम से मिलेगा बचाव
अक्सर लोग इंटरनेट पर आधार केंद्र का पता या नंबर खोजते समय फर्जी जानकारी का शिकार हो जाते हैं। कई बार गलत लोकेशन या नंबर मिलने से लोग ठगी का शिकार भी होते हैं। अब वेरिफाइड लोकेशन मिलने से ऐसे मामलों में कमी आने की उम्मीद है।
मिलेंगी कई नई सुविधाएं
इस साझेदारी के जरिए यूजर्स को आधार केंद्र से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां भी मिलेंगी, जैसे—
- पता अपडेट, मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सेवाएं उपलब्ध हैं या नहीं
- केंद्र पर मिलने वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी
- सीधे Google Maps से अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा
UIDAI के मुताबिक, यह कदम लोगों तक सही और भरोसेमंद जानकारी पहुंचाने और गलत सूचनाओं से बचाने के लिए उठाया गया है। आने वाले समय में इस सिस्टम को और बेहतर बनाने के लिए और भी फीचर्स जोड़े जाएंगे
















