पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। करीब 1:20 बजे आए इस भूकंप से शहर के साथ-साथ राज्य के कई जिलों में भी हलचल महसूस हुई।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसका केंद्र बांग्लादेश में बताया जा रहा है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
नेपाल में भी तड़के आया भूकंप
इससे पहले शुक्रवार तड़के नेपाल के पूर्वी हिस्से में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 मापी गई।
भूकंप सुबह करीब 3:18 बजे आया, जब ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक आए झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। इसका केंद्र संखुवासभा जिले में, काठमांडू से करीब 400 किलोमीटर पूर्व में टोपके गोला क्षेत्र के पास बताया गया।
संखुवासभा के अलावा भोजपुर, पंचथर, तेहरथुम और ताप्लेजंग समेत कई जिलों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया।
सिक्किम में भी एक दिन पहले लगे झटके
इससे पहले गुरुवार को सिक्किम में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। यहां 4.6 और 3.5 तीव्रता के दो झटके दर्ज किए गए।
पहला झटका ग्यालशिंग जिले के युक्सोम के पास करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया था। वहीं दूसरा झटका मांगन जिले में दोपहर 12:17 बजे महसूस किया गया, जिसका केंद्र गंगटोक से करीब 11 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था।
लगातार अलग-अलग इलाकों में आ रहे भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
















