छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से जयपुर जा रहे करीब 40 यात्री एयरलाइन की लापरवाही के कारण दिल्ली में फंस गए। सभी यात्रियों ने गुरुवार को रायपुर से दिल्ली होते हुए जयपुर जाने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का टिकट बुक किया था, लेकिन देरी की वजह से वे अपनी अगली फ्लाइट पकड़ नहीं सके।
जानकारी के मुताबिक, ये यात्री IndiGo की फ्लाइट से रायपुर से दिल्ली पहुंचे थे। लेकिन फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे देरी से दिल्ली पहुंची। इस दौरान दिल्ली से जयपुर जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट पहले ही रवाना हो चुकी थी।
यात्रियों का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद भी उन्हें करीब 45 मिनट तक विमान में ही बैठाकर रखा गया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। जैसे ही उन्हें पता चला कि जयपुर की फ्लाइट निकल चुकी है, उन्होंने एयरलाइन काउंटर पर विरोध जताया और हंगामा भी किया।
यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
यात्रियों का कहना है कि उन्होंने दो दिन पहले ही कनेक्टिंग टिकट बुक किए थे, ऐसे में एयरलाइन को उनकी यात्रा की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद फ्लाइट समय से पहले रवाना कर दी गई।
एयरलाइन की ओर से यात्रियों को आंशिक रिफंड और करीब 2000 रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया, जिसे यात्रियों ने नाकाफी बताया। उनका कहना है कि उन्होंने 15 हजार से 25 हजार रुपये तक का टिकट खरीदा था, ऐसे में यह मुआवजा बहुत कम है।
कुछ यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि इंडिगो स्टाफ ने उन्हें रिफंड लेकर बस से जयपुर जाने की सलाह दी, जिससे वे और नाराज हो गए।
जरूरी काम छूटे, बढ़ी परेशानी
इस घटना से कई यात्रियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। कुछ लोग अपने परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन फ्लाइट छूटने के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके।
वहीं, एक अन्य यात्री ने बताया कि वह जरूरी कारोबारी बैठक के लिए जा रहे थे, जो अब छूट गई। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की लापरवाही के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी उठानी पड़ी है।
फिलहाल इस मामले को लेकर यात्रियों में नाराजगी बनी हुई है और वे उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।















