1 मार्च से देशभर में कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जिसका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग से लेकर यूपीआई, सिम और गैस के दाम तक कई नियम नए तरीके से लागू होंगे। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में—
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में बदलाव
1 मार्च से रेलवे यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव लागू होगा। अब यात्री यूटीएस ऐप के जरिए जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। इसके लिए नया RailOne मोबाइल ऐप इस्तेमाल करना होगा। यानी अब ऑनलाइन अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट सिर्फ RailOne ऐप से ही बुक किए जा सकेंगे।
UPI ट्रांजैक्शन होगा ज्यादा सुरक्षित
डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार नया नियम लागू कर रही है। अब बड़े अमाउंट के UPI ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ UPI PIN काफी नहीं होगा। यूजर्स को अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करना पड़ेगा। इससे फ्रॉड के मामलों में कमी आने की उम्मीद है।
सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू
साइबर फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू होगा। इसके तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे सिम कार्ड से लिंक रहेंगे। अगर फोन से सिम निकाल दिया गया, तो ये ऐप तुरंत काम करना बंद कर देंगे। यानी बिना सिम के वाई-फाई या हॉटस्पॉट से इन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं हो पाएगा।
एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी के दाम में बदलाव संभव
हर महीने की तरह इस बार भी 1 मार्च को एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ (एयर टर्बाइन फ्यूल) के दामों में बदलाव हो सकता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को कीमतों की समीक्षा करती हैं, इसलिए आम लोगों की जेब पर इसका असर पड़ सकता है।
आम लोगों की जेब और सुविधा पर असर
इन नए नियमों का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ेगा। जहां कुछ बदलाव सुरक्षा बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं, वहीं कुछ बदलावों से लोगों को नई व्यवस्था के अनुसार खुद को ढालना होगा।
















