इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए भारी हमलों और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बीच हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के रक्षा मंत्री अमीर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपूर इजरायली हमलों में मारे गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। दोनों देशों का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास को रोकने के लिए की गई है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि अमेरिका ने ईरान में “मेजर कॉम्बैट ऑपरेशंस” शुरू कर दिए हैं।
ट्रंप ने ईरानी जनता से की अपील
ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान तेजी से अपना परमाणु कार्यक्रम बढ़ा रहा है और ऐसी मिसाइलें तैयार कर रहा है जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं। उन्होंने ईरान की जनता से अपील की कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और अपने देश की सत्ता खुद संभालें। साथ ही उन्होंने ईरानी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से हथियार डालने को कहा, नहीं तो भारी नुकसान की चेतावनी दी।
इस बीच, रक्षा मंत्री और गार्ड्स कमांडर की मौत को ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजधानी तेहरान में लोगों में डर का माहौल है। उत्तरी तेहरान के बाजारों और सुपरमार्केट में जरूरी सामान खरीदने के लिए भीड़ उमड़ रही है। ब्रेड, पानी, दूध और अंडे जैसी चीजें कई जगह खत्म हो चुकी हैं।
खामेनेई के दफ्तर के पास हुआ पहला हमला
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले की शुरुआत इजरायल की ओर से हुई। पहला हमला ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास हुआ। ईरानी मीडिया का कहना है कि देश के कई हिस्सों में एक साथ हमले किए गए, जिससे राजधानी की सड़कों पर धुआं उठता देखा गया।
अमेरिका और इजरायल दोनों ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं, वहीं ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। ईरान ने इजरायल पर हमले किए हैं और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर भी मिसाइल दागी हैं। इरबिल में अमेरिकी आर्मी बेस के पास धमाके की आवाज सुनी गई और धुआं उठता देखा गया।
बताया जा रहा है कि ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया पहले ही चेतावनी दे चुकी थी कि अगर ईरान पर हमला हुआ तो कुर्द इलाके में भी जवाबी कार्रवाई की जाएगी। अब हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
















