इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव तेजी से बढ़ गया है। हालात को देखते हुए कई खाड़ी देशों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपना हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला लिया है। कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
संयुक्त अरब अमीरात के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि एहतियात के तौर पर देश का हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से आंशिक बंद किया गया है। यह फैसला सुरक्षा हालात और संभावित जोखिमों को देखते हुए लिया गया है। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी उड़ान की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। साथ ही एयरलाइंस को यात्रियों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
कुवैत ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की है। फिलहाल इसे कब तक खोला जाएगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
वहीं ईरान में राजधानी तेहरान में लगातार विस्फोटों के बाद वहां के नागरिक उड्डयन संगठन ने पूरे देश का हवाई क्षेत्र कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कई जगहों पर हवाई हमलों की जानकारी सामने आई है।
इधर इराक ने भी एहतियात के तौर पर अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी तरह के हवाई यातायात को रोक दिया गया है। साथ ही एरबिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आने-जाने वाली सभी उड़ानें अगली सूचना तक रद्द कर दी गई हैं।
अब तक कैंसिल, स्थगित या डायवर्टेड उड़ानों की लिस्ट
| एयरलाइन व प्राधिकरण | प्रभावित रूट्स/ डेस्टिनेशन | समय/ स्टेटस |
| Iberia Express | तेल अवीव (शनिवार शाम की उड़ान) | केवल शनिवार (अभी तक) |
| Virgin Atlantic | लंदन हीथ्रो–दुबई; इराकी एयरस्पेस से परहेज | शनिवार (सावधानी के तौर पर) |
| Air France | तेल अवीव और बेरूत | 28 फरवरी (सभी उड़ानें) |
| KLM | एम्स्टर्डम–तेल अवीव | शनिवार (निलंबन को आगे लाया गया) |
| Wizz Air | इजराइल, दुबई, अबू धाबी, अम्मान | 7 मार्च तक (तत्काल प्रभाव) |
| रूसी एयरलाइंस | ईरान और इजराइल | निलंबित (एयरस्पेस बंद होने के कारण) |
| Air India | मिडिल ईस्ट के सभी गंतव्य; दिल्ली-तेल अवीव डायवर्ट | आगे की सूचना तक |
| IndiGo | ईरान और आसपास का एयरस्पेस | निगरानी में; सलाह जारी |
| Lufthansa | दुबई, बेरूत, ओमान | रद्द (अमेरिका-इजराइल हमलों के बाद) |
| LOT Polish Airlines | वारसॉ–दुबई (LO121) | उड़ान वारसॉ वापस लौटी |
| Turkish Airlines | लेबनान, सीरिया, इराक, ईरान, जॉर्डन | 2 मार्च तक |
| Bulgaria Air | तेल अवीव | 2 मार्च तक |
| Qatar Airways | सभी उड़ानें | अस्थायी रूप से निलंबित |
| Japan Airlines | टोक्यो हनेडा–दोहा (और वापसी उड़ान) | शनिवार + 1 मार्च वापसी उड़ान |
| कुवैत एविएशन अथॉरिटी | ईरान | आगे की सूचना तक |
| Oman Air | बगदाद | निलंबित |
| flydubai | कई सेवाएं | 28 फरवरी को प्रभावित |
| Aegean Airlines (ग्रीस) | तेल अवीव, बेरूत, अर्बिल | निलंबित |
| Emirates | – |
स्थिति की निगरानी; आवश्यकतानुसार समायोजन
|
| Swiss International Air Lines | तेल अवीव (7 मार्च तक); ज़्यूरिख–दुबई (शनि-रवि) | तेल अवीव 7 मार्च तक; दुबई शनि-रवि रद्द |
| SpiceJet | दुबई एयरस्पेस से गुजरने वाली उड़ानें | संभावित व्यवधान |
| British Airways | तेल अवीव, बहरीन, अम्मान |
3 मार्च तक (आज की अम्मान उड़ान सहित)
|
इसके अलावा बहरीन से भी मिसाइल हमले की खबर सामने आई है। वहां के राष्ट्रीय संचार केंद्र ने कहा कि देश के अंदर कुछ स्थानों को सीमा के बाहर से निशाना बनाया गया है, जिसे संप्रभुता का उल्लंघन बताया गया है। यह भी जानकारी दी गई है कि अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े से जुड़ी एक सुविधा पर मिसाइल हमला हुआ है।
लगातार बढ़ते तनाव के बीच पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।















