महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक भीषण विस्फोट की घटना सामने आई है, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नागपुर के काटोल तालुका स्थित राउतलगांव गांव में SBL कंपनी में हुआ। बताया जा रहा है कि इस कंपनी में विस्फोटक डेटोनेटर और अन्य एक्सप्लोसिव सामग्री बनाई जाती है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसी बीच आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में भी एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में बड़ा विस्फोट हुआ। इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राज्य के मंत्री कंडुला दुर्गेश ने इस घटना की पुष्टि की है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस विस्फोट में नौ महिलाओं सहित कुल 20 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। सरकार ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया है।
वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी समेत कई नेताओं ने भी इस हादसे पर दुख जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
दो अलग-अलग राज्यों में हुए इन बड़े हादसों ने एक बार फिर औद्योगिक और पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
















