आंध्र प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। काकीनाडा जिले में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि हताहतों की संख्या बढ़ने की संभावना है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्फोट का बड़ा नुकसान
गृह मंत्री अनीता के मुताबिक, विस्फोट में लगभग 30 लोग मौजूद थे। मंत्री कंडुला दुर्गेश ने बताया कि हादसा राज्य का सबसे बड़ा विस्फोट माना जा रहा है। घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है और बचाव कार्य जारी है।
सीएम नायडू ने जताया दुख और दिए निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावितों को तुरंत सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की और घायलों के इलाज का खर्च सरकार द्वारा उठाए जाने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में काकीनाडा जिले के चार वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच कराई जाएगी और पूरी घटना का विश्लेषण किया जाएगा।
काकीनाडा में हुए इस भयानक विस्फोट से राज्य में शोक और हड़कंप मचा हुआ है, जबकि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं।
















