मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब बहुमूल्य धातुओं की कीमतों पर साफ नजर आने लगा है। सोमवार को सोना और चांदी के दाम तेजी से उछलकर नए स्तर पर पहुंच गए। वायदा बाजार में दोनों धातुओं की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सुबह करीब 9:55 बजे सोने का भाव 2 अप्रैल 2026 डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट के लिए पिछले सत्र की तुलना में 3.12 फीसदी बढ़कर 1,67,155 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत भी मई 2026 डिलीवरी कॉन्ट्रैक्ट के लिए 3.04 फीसदी की तेजी के साथ 2,91,249 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

*महानगरों में सोने का ताजा भाव*
आज यानी 2 मार्च 2026 को देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में हल्का अंतर देखा गया। अलग-अलग शहरों में 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम (प्रति ग्राम) कुछ इस प्रकार हैं:
दिल्ली:
24 कैरेट: ₹16,995
22 कैरेट: ₹15,580
18 कैरेट: ₹12,750
मुंबई:
24 कैरेट: ₹16,980
22 कैरेट: ₹15,565
18 कैरेट: ₹12,735
कोलकाता:
24 कैरेट: ₹16,980
22 कैरेट: ₹15,565
18 कैरेट: ₹12,735
चेन्नई:
24 कैरेट: ₹17,084
22 कैरेट: ₹15,660
18 कैरेट: ₹13,400
बैंगलोर:
24 कैरेट: ₹16,980
22 कैरेट: ₹15,565
18 कैरेट: ₹12,735
*ग्लोबल मार्केट में सोने ने पकड़ी रफ्तार*
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। ट्रेडिंग डेटा के मुताबिक सोमवार को सोना 1 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 5,370 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया, जो पिछले एक महीने का सबसे ऊंचा स्तर है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह तेजी मुख्य रूप से अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद बढ़ी अनिश्चितता की वजह से आई है। ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) के तौर पर सोने की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे कीमतों को मजबूती मिल रही है।
फरवरी महीने में सोने ने लगातार सातवां मासिक फायदा दर्ज किया, जो 1973 के बाद सबसे लंबी तेजी मानी जा रही है। इस बढ़त के पीछे भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक स्तर पर बदलते रिश्ते और केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी अहम कारण रहे हैं।

इसके अलावा, निवेशक अब सरकारी बॉन्ड और करेंसी से पैसा निकालकर सोने में निवेश कर रहे हैं, जिससे इसकी कीमतों को और सहारा मिल रहा है।
















