भारतीय रेलवे ने 1 मार्च 2026 से अपने कई नियमों में बदलाव किया है। लाखों यात्रियों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि अब ट्रेन सफर और टिकट बुकिंग से जुड़े नियम कैसे बदल गए हैं। आइए जानते हैं नए नियम विस्तार से:
1. UTS ऐप बंद, RailOne ऐप अब जरूरी
एक मार्च से रेलवे का UTS मोबाइल ऐप बंद कर दिया गया है। अब जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और मंथली सीजन टिकट (MST) बुक करने के लिए सिर्फ RailOne ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी ऐप पर अब ट्रेन रिजर्वेशन, लाइव ट्रेन स्टेटस और लोकेशन सर्विस उपलब्ध होगी।
2. टिकट बुकिंग के लिए आधार अनिवार्य
ट्रेन टिकट बुक करने के लिए अब आधार कार्ड की जरूरत होगी। यह कालाबाजारी रोकने के लिए किया गया है। IRCTC या RailOne ऐप से टिकट बुक करते समय आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य है। पहले 30 मिनट में एजेंट टिकट बुक नहीं कर पाएंगे, जिससे आम यात्री आसानी से टिकट ले सकेंगे।
3. वेटिंग लिस्ट पर सख्ती
रेलवे ने वेटिंग लिस्ट के नियम भी कड़े कर दिए हैं। अब स्लीपर और AC कोच में केवल कन्फर्म या RAC टिकट वाले यात्री ही सफर कर पाएंगे। अगर टिकट वेटिंग लिस्ट में है, तो रिजर्व्ड कोच में यात्रा संभव नहीं होगी।
4. भारी लगेज पर जुर्माना
अब ट्रेन में भारी लगेज लेकर यात्रा करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों के अनुसार, सामान्य दर से 6 गुना ज्यादा शुल्क देना पड़ेगा। जुर्माना न भरने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
5. कन्फर्म टिकट की तारीख बदलना आसान
अब यात्री अपने कन्फर्म टिकट की तारीख ऑनलाइन बदल सकते हैं। इसके लिए न कोई सर्विस चार्ज लगेगा और न एक्स्ट्रा कैंसिलेशन फीस, बस नए किराये का भुगतान करना होगा अगर अंतर आए।
6. बोर्डिंग पॉइंट बदलने की सुविधा
यात्रियों को अब बोर्डिंग पॉइंट बदलने की सुविधा भी मिली है। नए नियम के अनुसार, चार्ट बनने से पहले बोर्डिंग पॉइंट बदला जा सकता है। इससे पहले यह सुविधा केवल पहला चार्ट बनने से पहले ही मिलती थी।
















