दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में महिलाओं के लिए एक नया युग शुरू होने जा रहा है। 2 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पिंक मोबिलिटी कार्ड का शुभारंभ करेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली की महिलाओं के लिए सशक्तिकरण की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी पहल बताया।
पिंक कार्ड और इसके फायदे
यह नया कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) तकनीक पर आधारित होगा। इसके जरिए महिलाएं DTC बसों में पूरी तरह मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। साथ ही दिल्ली मेट्रो और RRTS में भी इसी कार्ड से डिजिटल भुगतान किया जा सकेगा।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड क्या है?
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड एक ऐसा इंटरऑपरेटिव कार्ड है, जिसका उपयोग मेट्रो, बस, ट्रेन आदि के टिकट, पार्किंग और टोल शुल्क के लिए किया जा सकता है। इसका उद्देश्य है कि यात्रियों को अलग-अलग कार्ड रखने की जरूरत न पड़े।
- यह कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की सुविधा देता है।
- बिना पिन या OTP के 2000 रुपये तक का लेन-देन संभव है।
- यह प्रीपेड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के रूप में जारी किया जा सकता है और ATM से पैसे निकालने की सुविधा भी देता है।
- कार्ड पर कैशबैक और डिस्काउंट का लाभ भी मिलता है, जैसे नमो भारत ट्रेन की टिकट पर 10% की छूट।
तीन रंगों में जारी होंगे कार्ड
दिल्ली सरकार ने कार्ड को तीन श्रेणियों में बांटा है:
- पिंक कार्ड: महिलाओं के लिए (मुफ्त बस यात्रा)
- ब्लू कार्ड: आम यात्रियों के लिए नियमित उपयोग
- ऑरेंज कार्ड: मासिक पास धारकों के लिए
शुरुआती चरण में पिंक और ब्लू कार्ड जारी किए जाएंगे, और इनकी देखरेख दिल्ली परिवहन निगम (DTC) करेगा।
कार्ड बनवाने के लिए 50 केंद्र
महिलाओं की सुविधा के लिए दिल्ली में करीब 50 विशेष केंद्र खोले जाएंगे। ये कार्ड DM और SDM कार्यालयों के साथ-साथ चुनिंदा DTC केंद्रों पर उपलब्ध होंगे। इससे योजना सही लाभार्थियों तक पहुंचेगी और फर्जीवाड़ा रोका जा सकेगा।
















