ईरान से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। कुछ दिन पहले अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। उसी हमले में उनकी पत्नी मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह भी घायल हुई थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। तसनीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हमले के समय खामेनेई के साथ थीं पत्नी
79 वर्षीय मंसूरे खोजस्ते बागेरज़ादेह का जन्म ईरान के मशहद में हुआ था। वह आईआरआईबी (इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग) के पूर्व उप निदेशक हसन खोजस्ते बगेरज़ादेह की बहन थीं। हमले के समय खामेनेई और उनकी पत्नी तेहरान स्थित उनके परिसर में मौजूद थे। इस हमले में खामेनेई, उनकी पत्नी के अलावा बेटी और दामाद की भी मौत हुई। फिलहाल, ईरान ने कई खाड़ी देशों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अमेरिका और इजरायल ने मिलकर किया हमला
शनिवार को मध्य-पूर्व में स्थिति गंभीर हो गई, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई इलाकों पर हमला किया। इसमें सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई का कार्यालय भी शामिल था। रविवार को इसी हमले में खामेनेई की मौत हो गई।
अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम और मिसाइल विकास पर काम कर रहा है। उन्होंने वीडियो संदेश में ईरानी जनता से अपील की कि वे खामेनेई शासन के खिलाफ खड़े हों और अपनी खुद की सरकार बनाएं।
















