छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्टेशन इलाके में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत स्टेशन क्षेत्र में भारी और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर समय के अनुसार प्रतिबंध लगाया गया है।
दिनभर बंद रहेंगे भारी वाहन
जारी आदेश के मुताबिक सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वहीं हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक रोक रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीड़ और जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस के अनुसार नई व्यवस्था से यातायात सुचारु होगा और यात्रियों को राहत मिलेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से नए ट्रैफिक प्लान का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।
















