केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवां गांव से मंगलवार को बेहद दर्दनाक खबर सामने आई। यहां पोखर में डूबने से एक ही पड़ोस के छह बच्चों की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही केसरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया।
खेत में खाना देने गए थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहरगांवां गांव के मलाहटोली वार्ड नंबर 4 के छह बच्चे दिन में अपने परिजनों को खेत में खाना देने गए थे। खाना देने के बाद सभी बच्चे पास के चंवर में बने तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूब गए।
देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
काफी देर तक जब बच्चे घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी खोजबीन शुरू की गई। आसपास के पोखरों और गड्ढों में तलाश के दौरान पानी में बच्चों के शव दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में मनोज साहनी के दो बच्चे (एक पुत्र और एक पुत्री), रामलाल साहनी की तीन पोतियां और रावण सहनी की एक पुत्री शामिल बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा सन्नाटा
एक साथ छह मासूमों की मौत से पूरा लोहरगांवां गांव शोक में डूब गया है। मृत बच्चों के घरों में कोहराम मचा है और परिजन बेसुध हैं। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों के भी घटनास्थल पर पहुंचने की संभावना है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।















