भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वे 5 मार्च को सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
पार्टी संगठन की ओर से सभी सांसदों और विधायकों को निर्देश दिए गए हैं कि नामांकन के दौरान उनकी उपस्थिति अनिवार्य रहे।
मुख्यमंत्री साय ने दी शुभकामनाएं
लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा छत्तीसगढ़ भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए नामित किया जाना गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा की प्रतिबद्धता सदन में प्रदेश की आवाज को मजबूती देगी।

बिहार से नितिन नवीन को मौका
बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए कुल नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है।
असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को टिकट मिला है। हरियाणा से संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया गया है। ओडिशा से पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार के नाम घोषित किए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।पार्टी की इस सूची के बाद संबंधित राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।















