राजधानी दिल्ली में इस बार होली के दिन शराब की दुकानें खुली रहेंगी। आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि होली को ‘शराबबंदी दिवस’ (ड्राई डे) की सूची से हटा दिया गया है। इसलिए इस दिन राजधानी में शराब की बिक्री पर कोई रोक नहीं रहेगी।
अधिकारी के मुताबिक, जनवरी में जारी आदेश के अनुसार मार्च तक सिर्फ गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती को ही ड्राई डे घोषित किया गया है। होली इस सूची में शामिल नहीं है, इसलिए दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी।

होली पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
होली के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े सभी इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पूरे शहर में 15,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह तैनाती ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत की जा रही है। होली से पहले चलाए गए अभियान में दक्षिणी रेंज की पुलिस ने 204 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 973 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
जगह-जगह नाकेबंदी और चेकिंग
त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार ड्राइविंग और बाइक स्टंट करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील इलाकों और आवासीय कॉलोनियों में चेकपोस्ट लगाए जाएंगे।
सीमावर्ती इलाकों में रणनीतिक रूप से बैरिकेडिंग और नाकेबंदी की जाएगी। यातायात पुलिस की टीमें ‘ब्रेथ एनालाइजर’ और स्पीड डिटेक्शन उपकरणों के साथ पूरे दिन अभियान चलाएंगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी।
प्रशासन का कहना है कि होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।गए हैं।














