अगर हवाई यात्रा के दौरान आपको अपना लगेज खोने का डर रहता है, तो अब यह चिंता कम हो सकती है। दरअसल, Google ने एक नया फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से एंड्रॉयड यूजर्स अपने सामान की लाइव लोकेशन एयरलाइंस के साथ साझा कर सकते हैं। इस फीचर की मदद से खोए हुए लगेज को ढूंढना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। यह सुविधा कंपनी के नए Find Hub सिस्टम के जरिए काम करेगी।
कैसे काम करेगा यह फीचर
यह फीचर तभी काम करेगा जब आपके सामान में Find Hub नेटवर्क से जुड़ा कोई ट्रैकिंग टैग लगा होगा। अगर यात्रा के दौरान आपका बैग खो जाता है, तो यूजर फाइंड हब ऐप खोलकर अपने सामान को चुन सकते हैं और उसकी लोकेशन शेयर करने का विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद एक सुरक्षित लिंक तैयार हो जाता है, जिसमें मैप पर बैग की लाइव लोकेशन दिखाई देती है।
जब यात्री एयरलाइन में खोए हुए सामान की शिकायत दर्ज करते हैं, तो इस लिंक को एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप में साझा किया जा सकता है। इसके बाद एयरलाइन के कर्मचारी उस लिंक के जरिए बैग की लोकेशन और उसकी गतिविधि को ट्रैक कर सकते हैं। इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि सामान एयरपोर्ट पर है, किसी दूसरे टर्मिनल में है या गलती से किसी अन्य एयरपोर्ट पर भेज दिया गया है।
कई एयरलाइंस दे रही हैं सपोर्ट
गूगल के अनुसार इस सुविधा को फिलहाल दस से ज्यादा एयरलाइंस का समर्थन मिल रहा है। इनमें Air India, China Airlines, Saudia, Scandinavian Airlines, Turkish Airlines और Lufthansa Group की एयरलाइंस शामिल हैं। भारत से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया का इसमें शामिल होना काफी उपयोगी माना जा रहा है।
प्राइवेसी और सुरक्षा का भी ध्यान
गूगल का कहना है कि इस फीचर में यूजर्स की गोपनीयता और सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है। साझा किया गया लोकेशन लिंक सात दिनों के बाद अपने आप समाप्त हो जाता है। इसके अलावा यूजर कभी भी लोकेशन शेयर करना बंद कर सकते हैं। अगर फोन को पता चलता है कि सामान मालिक को वापस मिल गया है, तो लोकेशन शेयरिंग अपने आप बंद हो जाती है। कंपनी के अनुसार Find Hub के जरिए साझा किया गया डेटा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहता है।
एंड्रॉइड के बड़े अपडेट का हिस्सा
सामान ट्रैक करने की यह सुविधा एंड्रॉइड के नए अपडेट का हिस्सा है। इसके साथ ही Google Messages में भी लोकेशन शेयर करने की सुविधा जोड़ी गई है, जिससे यूजर्स चैट के दौरान अपनी रियल टाइम लोकेशन साझा कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने Pixel Watch में भी फाइंड हब सपोर्ट को बढ़ाया है और एंड्रॉइड ऐप्स व सेवाओं में कुछ नए टूल जोड़े हैं।















