अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक ईरान के बंदर अब्बास के पास सुबह करीब 8:48 बजे (आईएसटी) भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 दर्ज की गई है।
युद्ध जैसे हालात के बीच भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। लगातार आ रहे भूकंप को संभावित खतरे की आहट के तौर पर भी देखा जा रहा है।
3 मार्च को भी आया था भूकंप
इससे पहले 3 मार्च को भी ईरान के गेराश इलाके में भूकंप दर्ज किया गया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई थी। यूएसजीएस के अनुसार इस भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था।
गौर करने वाली बात यह है कि गेराश के पास गचिन यूरेनियम खदान स्थित है, जो बंदर अब्बास के करीब है। इस खदान की दूरी गेराश से लगभग 150 से 180 किलोमीटर बताई जाती है।
अमेरिका में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के दौरान दोनों देशों में भूकंप के मामले सामने आए हैं। हाल ही में अमेरिका के नेवादा राज्य में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। यूएसजीएस के मुताबिक रविवार सुबह यहां 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ा तनाव
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई के मारे जाने की खबर सामने आई थी। इसके अलावा कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी हमलों में मारे गए बताए जा रहे हैं।
हालांकि इन हमलों के बावजूद ईरान पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहा है और वह अमेरिका और इजरायल को जवाब देने की कोशिश कर रहा है। दूसरी तरफ अमेरिका और इजरायल भी अपने हमले तेज कर रहे हैं।
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की प्रमुख रक्षा निर्माण कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्नत हथियारों के उत्पादन को चार गुना तक बढ़ाने पर सहमति बनी है। इससे साफ संकेत मिलता है कि अमेरिका इस संघर्ष में पीछे हटने के मूड में नहीं है।
















