भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने कुछ समय पहले आधार का नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया था, जो अब यूजर्स को कई सुविधाएं दे रहा है। हाल ही में आए अपडेट के बाद ऐप में कुछ नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं और इसका इंटरफेस पहले से ज्यादा आसान और बेहतर बना दिया गया है। हालांकि ऐप के लेआउट में बदलाव होने की वजह से कुछ फीचर्स अब अलग सेक्शन में दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में कई यूजर्स के मन में सवाल है कि क्या आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर अपडेट करने का तरीका भी बदल गया है।
सर्विसेज सेक्शन में मिला नया विकल्प
दरअसल, मोबाइल नंबर अपडेट करने की प्रक्रिया पहले जैसी ही है, लेकिन अब यह विकल्प ऐप के “सर्विसेज” सेक्शन में दिखाई दे रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स घर बैठे ही आधार से जुड़े मोबाइल नंबर को अपडेट करने के लिए रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। इससे आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत काफी हद तक कम हो गई है।
आधार नंबर सत्यापन भी हुआ आसान
नए अपडेट में यूआईडीएआई ने ऐप में कई उपयोगी सुविधाएं भी जोड़ी हैं। अब यूजर्स ऐप के जरिए किसी भी आधार नंबर को आसानी से सत्यापित कर सकते हैं। इसके अलावा बायोमेट्रिक डेटा को लॉक और अनलॉक करने का विकल्प भी मिलता है। इन सुविधाओं की मदद से आधार से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं अब सीधे मोबाइल ऐप से ही इस्तेमाल की जा सकती हैं।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
- इसके लिए सबसे पहले अपने मोबाइल में आधार मोबाइल एप डाउनलोड करके ओपन करें।
- इसके बाद एप के होम पेज पर नीचे दिए गए Services टैब पर जाएं।
- इधर से आपको Mobile Number Update का ऑप्शन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
- इतना करने के बाद Continue to Update Mobile Number पर टैप करें।
- अब इधर वो नया मोबाइल नंबर एंटर करें जिसे आप आधार से लिंक करना चाहते हैं।
- एंटर किए गए नंबर पर आने वाला OTP डालकर वेरिफिकेशन पूरा करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर बताए गए ऑथेंटिकेशन स्टेप्स को फॉलो करें।
देनी पड़ेगी 75 रुपये की फीस
प्रोसेस कम्पलीट होने के बाद आपकी रिक्वेस्ट UIDAI को सेंड कर दी जाएगी। इस सुविधा के लिए यूजर्स को लगभग 75 रुपये की फीस देनी पड़ेगी। आमतौर पर मोबाइल नंबर अपडेट होने में 10 से 15 दिन का वक्त लग सकता है। इतना ही नहीं आप रिक्वेस्ट सबमिट करने के बाद एप से ही अपने अपडेट का स्टेटस भी देख सकते हैं।















