देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को अपने गुवाहाटी दौरे के दौरान किसानों के खातों में यह राशि जारी करेंगे।
कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इस किस्त के तहत देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों को लगभग 19 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। खरीफ फसलों की बुवाई से पहले मिलने वाली 2000 रुपये की यह राशि किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक जैसे जरूरी कृषि सामान खरीदने में मदद करेगी।
केंद्र सरकार ने साल 2019 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह राशि 2000-2000 रुपये की तीन किस्तों में हर चार महीने में किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है।
आमतौर पर योजना की किस्तें फरवरी-मार्च, जून-जुलाई और अक्टूबर-नवंबर के दौरान जारी की जाती हैं। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक मदद करना और खेती से जुड़े खर्च को कम करना है, ताकि उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछली यानी 21वीं किस्त 19 नवंबर को जारी की थी। इसके बाद से ही देशभर के करोड़ों किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे थे।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2025 में 19वीं किस्त के तहत 9.8 करोड़ किसानों को करीब 22 हजार करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद अगस्त 2025 में 20वीं किस्त के तहत 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये और नवंबर 2025 में 21वीं किस्त के रूप में करीब 9 करोड़ किसानों को 18 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
अब तक इस योजना के जरिए किसानों को कुल मिलाकर लगभग 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सरकार के सबसे बड़े प्रत्यक्ष लाभ अंतरण कार्यक्रमों में से एक मानी जाती है।
















