अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग आज 12वें दिन में पहुंच गई है। इस संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया की स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई है। वहीं, इस इलाके के कई देशों में हजारों भारतीय फंसे हुए हैं।
इसी बीच भारत की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया और उसकी लो-कॉस्ट सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ानों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। दोनों एयरलाइंस मिलकर आज 11 मार्च को पश्चिम एशिया के लिए कुल 58 निर्धारित और विशेष उड़ानों का संचालन करेंगी।
हवाई क्षेत्र पर पड़ा असर
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर इस क्षेत्र के हवाई क्षेत्र पर भी पड़ा है। कई जगहों पर एयरस्पेस बंद कर दिया गया है या वहां सख्त पाबंदियां लगा दी गई हैं। इन चुनौतियों के बावजूद एयर इंडिया समूह ने हालात को देखते हुए अपनी सेवाएं सावधानी और योजना के साथ जारी रखने का फैसला किया है।
बुधवार को पश्चिम एशिया और भारत के बीच कुल 58 उड़ानें संचालित होंगी। एयर इंडिया ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 11 मार्च को जेद्दा और मस्कट के लिए तय सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, 9 मार्च को पश्चिम एशिया से भारतीय एयरलाइंस ने 45 उड़ानें संचालित की थीं, जिनसे 7,047 यात्री भारत पहुंचे। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात के लिए भी कुल 36 विशेष उड़ानें संचालित करती हैं, जो स्लॉट और अन्य परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं।















