भिलाई। शहर की पॉश कॉलोनी नेहरू नगर स्थित विद्याविहार कॉलोनी के एक मकान में लंबे समय से चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रैकेट चलाने वाली एक महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से आठ युवतियों को भी बरामद किया गया।
पॉश कॉलोनी में चल रहा था अवैध धंधा
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को शिकायत की थी कि इलाके के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने योजना बनाकर एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर वहां भेजा। जब उस व्यक्ति की डील रैकेट संचालक महिला से तय हुई तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। इस कार्रवाई में IUCAW की डीएसपी भारती मरकाम, रक्षा टीम, स्मृति नगर चौकी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम शामिल रही।
बुटीक की आड़ में चल रहा था धंधा
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी महिला धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह सुपेला इलाके में बुटीक चलाती है। उसी की आड़ में वह इस सेक्स रैकेट को संचालित कर रही थी। महिला सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजकर उनसे सौदा तय करती थी।
जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल फोन में कई युवतियों की फोटो और नंबर मिले हैं। जिस मकान में यह रैकेट चल रहा था, उसे आरोपी महिला ने किराए पर लिया था। यहां छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल से भी युवतियों को बुलाकर रखा गया था।
मोबाइल, नकदी और आपत्तिजनक सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन, 5500 रुपये नकद और कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने बरामद की गई आठ युवतियों से पूछताछ के बाद उन्हें वापस भेज दिया है, जबकि रैकेट संचालक महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
















