छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान अब निर्णायक दौर में पहुंचता नजर आ रहा है। जगदलपुर में 108 नक्सलियों के बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण के बाद अब कांकेर जिले के परतापुर इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। कांकेर के एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों तरफ से फायरिंग जारी है और इलाके में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन चल रहा है।
108 नक्सलियों ने किया सरेंडर
बताया जा रहा है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में डेडलाइन से करीब 20 दिन पहले बस्तर संभाग के 3 करोड़ 95 लाख रुपये के इनामी 108 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में से 101 ने हथियारों के साथ समर्पण किया। इनके पास से करीब 3.6 करोड़ रुपये नकद और करीब 1 किलो सोना भी बरामद हुआ है। आत्मसमर्पण करने वालों में बटालियन से जुड़े नक्सली राहुल और झित्रु की टीम भी शामिल बताई जा रही है।
डेडलाइन में अभी 20 दिन बाकी
केंद्र सरकार देशभर में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। कई नक्सली अब सरेंडर कर रहे हैं, जबकि जो हथियार नहीं छोड़ रहे, उनके खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद खत्म करने के लिए मार्च 2026 तक का लक्ष्य तय किया है। इस अभियान के तहत सुरक्षाबलों को कई बड़ी सफलताएं मिली हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में कई बड़े और इनामी नक्सली शामिल हैं, जबकि मुठभेड़ों में भी कई खतरनाक नक्सली मारे जा चुके हैं।
















