दुर्ग जिले में अब गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री अधिक है। तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में चल रही गर्म हवाओं की वजह से अब रात में भी गर्मी का असर महसूस होने लगा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों ने घरों और दफ्तरों में कूलर और एसी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के ऊपर फिलहाल ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण झारखंड से उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के कारण आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, हालांकि अभी दुर्ग जिले में मौसम शुष्क ही रहने की संभावना है।
दुर्ग संभाग में गर्मी ज्यादा महसूस
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि बस्तर संभाग को छोड़कर ज्यादातर इलाकों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। बस्तर संभाग में दक्षिण दिशा से आ रही नमी वाली हवाओं की वजह से निचले स्तर पर हल्के बादल बने हुए हैं, जिससे वहां तापमान ज्यादा नहीं बढ़ रहा है।
13 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 13 मार्च से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। बस्तर संभाग में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 14 से 16 मार्च के बीच दुर्ग सहित मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात भी हो सकता है।
कुल मिलाकर दुर्ग जिले में फिलहाल गर्मी का असर बढ़ रहा है और मौसम सूखा बना हुआ है। हालांकि सप्ताह के मध्य में हल्के बादल और कहीं-कहीं बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
















