गर्मी का मौसम आते ही लोग शरीर को ठंडक देने के लिए अलग-अलग तरह के सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन करने लगते हैं। हालांकि, ज्यादा सॉफ्ट ड्रिंक्स पीना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में इनकी जगह अगर बेल का शरबत पिया जाए तो यह शरीर के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।
बेल एक मौसमी फल है, जो खासतौर पर गर्मियों में शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाता है। इसका शरबत पीने से गर्मी में होने वाली कई समस्याओं से राहत मिलती है और लू से बचाव में भी मदद मिलती है। आइए जानते हैं रोजाना बेल का शरबत पीने के फायदे।
1. पेट की समस्याओं में राहत:-बेल के शरबत में लैक्सेटिव गुण पाए जाते हैं, जो कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करते हैं। यह आंतों को साफ रखने में सहायक होता है। साथ ही दस्त और पेचिश जैसी परेशानियों में भी बेल का सेवन फायदेमंद माना जाता है।
2. शरीर को देता है प्राकृतिक ठंडक:-बेल की तासीर ठंडी होती है। इसका शरबत पीने से शरीर को ठंडक मिलती है, प्यास शांत होती है और लू लगने का खतरा भी कम हो जाता है। यह शरीर के आंतरिक तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है।
3. शरीर को देता है तुरंत ऊर्जा :-बेल में कार्बोहाइड्रेट और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। गर्मी के कारण होने वाली थकान और कमजोरी को दूर करने में यह मदद करता है और शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है।
4. खून साफ करने में सहायक :-बेल का शरबत एक अच्छा डिटॉक्स ड्रिंक माना जाता है। यह शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। इससे खून साफ रहता है और चेहरे पर होने वाले मुंहासे और गर्मी के दाने भी कम हो सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। दिन का भास्कर किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)
















