तुर्की के मध्य हिस्से में शुक्रवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप आने से धरती कांप उठी। आपदा प्रबंधन एजेंसी AFAD के मुताबिक, भूकंप का केंद्र तुर्की के तोकात प्रांत के निकसार शहर में था और इसकी गहराई करीब 6.4 किलोमीटर दर्ज की गई। एजेंसी के अनुसार भूकंप सुबह 3:35 बजे आया, जिसके झटके आसपास के कई प्रांतों में महसूस किए गए। फिलहाल इस भूकंप से किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि ठंड के बावजूद लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक वापस जाने से हिचकते रहे।
दहशत में घरों से बाहर रहे लोग
भूकंप के झटकों से घबराए कई लोग सड़कों पर या अपनी गाड़ियों में ही बैठे नजर आए। बताया जा रहा है कि डर की वजह से लोग लंबे समय तक घरों में वापस जाने से बचते रहे। दरअसल तुर्की भूकंपीय फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, इसलिए यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। साल 2023 में आए 7.8 तीव्रता के भीषण भूकंप में तुर्की में 53 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और दक्षिणी व दक्षिण-पूर्वी इलाकों के कई शहरों में हजारों इमारतें तबाह हो गई थीं। उस भूकंप का असर पड़ोसी देश सीरिया के उत्तरी हिस्सों में भी देखा गया था, जहां करीब 6 हजार लोगों की जान चली गई थी।
भूकंप के समय रखें ये सावधानियां
भूकंप के दौरान कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर नुकसान को कम किया जा सकता है। झटके महसूस होते ही घबराने के बजाय “ड्रॉप, कवर और होल्ड ऑन” तकनीक अपनाएं। यानी जमीन पर झुक जाएं, किसी मजबूत टेबल या डेस्क के नीचे शरण लें और उसे मजबूती से पकड़कर रखें। अगर आसपास कोई सुरक्षित जगह न हो तो सिर और गर्दन को हाथों से ढकते हुए दीवार के कोने में बैठ जाएं।
भूकंप के दौरान लिफ्ट, सीढ़ियों, खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें। अगर आप बाहर हों तो खुले मैदान में चले जाएं और इमारतों, पेड़ों या बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। झटके रुकने तक सुरक्षित जगह पर रहें और उसके बाद ही किसी सुरक्षित स्थान की ओर जाएं।
















