देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराये में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने शुक्रवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी। एयरलाइन के मुताबिक ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाया गया है।
कंपनी ने बताया कि फ्लाइट टिकट पर अब 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लिया जाएगा। यह नई दरें 14 मार्च 2026 से लागू होंगी और इसी तारीख से की जाने वाली नई बुकिंग पर यह चार्ज जोड़ा जाएगा।
एयरलाइन के अनुसार, मध्य-पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के कारण जेट फ्यूल की कीमतों में भारी उछाल आया है। International Air Transport Association (IATA) के ‘जेट फ्यूल मॉनिटर’ के मुताबिक इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी का कहना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) एयरलाइंस के कुल संचालन खर्च का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए कीमत बढ़ने का सीधा असर एयरलाइंस पर पड़ता है।
इंडिगो ने कहा कि बढ़ती लागत को संतुलित करने के लिए किराये में बदलाव जरूरी हो गया था। हालांकि यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसलिए इसे ‘फ्यूल चार्ज’ के रूप में सीमित रखा गया है। 14 मार्च 2026 की रात 12:01 बजे के बाद की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर यह अतिरिक्त शुल्क लागू होगा।
कंपनी के मुताबिक भारत के भीतर चलने वाली सभी घरेलू उड़ानों के लिए 425 रुपये फ्यूल चार्ज तय किया गया है। वहीं भारतीय उपमहाद्वीप के देशों जैसे बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के लिए भी 425 रुपये अतिरिक्त लिए जाएंगे।
इसके अलावा मिडिल ईस्ट जाने वाली फ्लाइट्स के लिए 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के लिए 1800 रुपये, अफ्रीका और पश्चिमी एशिया के देशों के लिए 1800 रुपये तथा यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए 2300 रुपये तक फ्यूल चार्ज वसूला जाएगा।
















